घर में काम करने आए मजदूर ने दी धमकी, महीनों तक महिला के साथ किया दुष्कर्म

रेवाड़ी । रामपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव बालावास अहीर निवासी हेमचंद उर्फ कालू के रूप में हुई है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा था कि गांव बालावास अहीर निवासी हेमचंद उर्फ कालू उसके मकान के निर्माण में काम कर रहा था। करीब एक माह पूर्व उसका पति काम पर चला गया और बच्चे स्कूल गए थे। इसी दौरान कालू ने मौका मिलते ही जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिवार को दी जान से मारने की धमकी 

महिला के मुताबिक आरोपी उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर कई महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। परेशान होकर महिला ने चार अक्टूबर को मामले की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद पुलिस से संपर्क किया गया था।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी 

महिला का मेडिकल कराने के बाद महिला थाना पुलिस ने हेमचंद के खिलाफ दुष्कर्म व धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच अधिकारी एएसआई सुमन ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

News Source: jagran.com

Comments are closed.