मुख्‍य सचिव के साथ मारपीट से आहत जैन का केजरीवाल से मोहभंग, सच की राह पकड़ी

नई दिल्ली । कहते हैं कि सच जब निर्णायक भूमिका में हो और उसे मौके पर व्यक्त किया जाए तो मन से बड़ा बोझ उतर जाता है। वीके जैन (सेवानिवृत आइएएस) के साथ भी ऐसा ही हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से अपनी निकटता की परवाह नहीं की। 19 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्य सचिव के साथ हुई घटना की सच्चाई बयां की। उनके बयान के बाद दिल्ली पुलिस को मजबूती मिली और उसने मुख्य सचिव के साथ मारपीट मामले में ‘आप’ के दो विधायकों को गिरफ्तार किया।

जैन अनुभवी अधिकारियों में से एक थे

वीके जैन दूरदर्शन में अतिरिक्त महानिदेशक थे। वहां से तबादले के बाद दिल्ली सरकार में आए थे। दिल्ली सरकार ने उन्हें दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया। केजरीवाल इस बोर्ड के चेयरमैन हैं। इसके चलते जैन सीधे तौर पर केजरीवाल के संपर्क में आए। उनके काम से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उन्हें अपना सलाहकार बनाया। पिछले छह माह से जैन सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वह मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुभवी अधिकारियों में से एक थे।

‘आप’ सरकार के साथ काम नहीं करेंगे

19 फरवरी की रात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आने के लिए वीके जैन ने ही मुख्य सचिव अंशु प्रकाश को फोन किया था। जैन शाम से ही मुख्य सचिव के संपर्क में थे। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि जब उन्होंने मुख्य सचिव के साथ मारपीट की घटना देखी थी तो वह असहज हो गए थे। उन्होंने सच्चाई का साथ देने का मन बना लिया था। उन पर मुख्यमंत्री से नजदीकी का दबाव भी था, लेकिन उन्होंने सच्चाई का साथ दिया। मारपीट की घटना के बाद ही जैन ने ठान लिया था कि वह ‘आप’ सरकार के साथ काम नहीं करेंगे। जैन ने मानवीय आधार पर मुख्य सचिव को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया था।

परिवार को समय दूंगा, परिजनों के साथ देखूंगा फिल्में: जैन

इस्तीफा देने के बाद वीके जैन ने कहा कि मैं परिवार को समय नहीं दे पा रहा था। मेरी पत्नी कहती थीं कि सोचा था कि सेवानिवृत्ति के बाद आप घर को कुछ समय देंगे, लेकिन और अधिक व्यस्त हो गए। मुख्यमंत्री कार्यालय में मुझे बहुत अधिक समय देना पड़ रहा था। अब परिवार को समय दूंगा, परिजनों के साथ फिल्में देखूंगा। पत्नी की बहुत पुरानी यह शिकायत दूर करने का प्रयास करूंगा।

Comments are closed.