बाढ़ में पेड़ पर फंसा, दो सांप डसने की कोशिश करते रहे, ऐसे बचाई जान
अशोकनगर/चंदेरी। जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर चंदेरी तहसील के मोहनपुर गांव में नदी में आयी बाढ़ के दौरान एक 14 साल का किशोर जब बाढ़ के पानी में घिर गया तो वह जान बचाने पेड़ पर चढ़ गया। लेकिन जैसे ही वह पेड़ पर चढ़ा तो वहां दो सांप देख वह डर गया।
इस दौरान ये दोनों सांप उसे डसने की कोशिश करते रहे। लेकिन उसने दोनों सांपों को अपनी लाठी से मार डाला। करीब सात घंटे बाद प्रशासन की ओर से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बचा लिया गया।
पूरे मामले की कहानी यह है कि अशोकनगर जिले में तेज बारिश के कारण जिलेभर की नदियों में पानी का बहाव तेजी से बढ़ा था। इस बहाव के चलते मोहनपुर गांव के समीप से निकलने वाली नदी में भी पानी का जलस्तर बढ़ गया। इसी बीच गांव का विकास पिता राधेलाल लोधी अपने बैल छोड़ने सुबह 8 बजे नदी के मुहाने पर आया। इसी दौरान बहाव तेज होने की वजह से वह पानी में घिर गया।
पानी से बचने का जब उसे कोई रास्ता नजर नहीं आया तो वह नदी के किनारे खड़े एक पेड़ पर चढ़ गया। सुबह 8 बजे पेड़ पर चढ़ने के बाद जब जलस्तर कम होता नजर नहीं आया तभी गांव के लोगों ने चंदेरी के तहसीलदार जी एस भैरवा को इसकी सूचना दी। अशोकनगर से होमगार्ड को जवानों को आपातकालीन व्यवस्था को लेकर सूचित किया गया।
इस दौरान नदी का 200 मीटर का पाट होने की वजह से किशोर को देख पाना प्रशासन के लिए मुश्किल हो रहा था। दूरबीन की मदद ली गई लेकिन हरे पेड़ों के बीच उसे देख पाना फिर भी मुश्किल हो रहा था। आखिर उसकी नीली शर्ट जब दिखाई दी तब पूरी तरह विश्वास हो गया कि यह किशोर इसी पेड़ पर फंसा है।
आसपास के तैराकों की मदद और होमगार्ड के जवानों को लाइफ जैकेट पहनाकर नदी में उतारा गया। रस्सों की मदद ली गई। लगभग 7 घंटे के बाद किशोर को पेड़ से सुरक्षित निकाल लिया गया। किशोर ने बताया कि उसके हाथ में लाठी थी। इस दौरान दो सांप भी पेड़ पर चढ़ गए थे। उन्होंने उसे डसने की कोशिश की लेकिन उसने लाठी से दोनों सांपों को मार दिया। विकास लोधी को बचाने का सफल रेस्क्यू का अभियान पूरे 4 घंटे चलता रहा।
News Source: jagran.com
Comments are closed.