हरीश रावत ने कहा, डबल इंजन का निकलने लगा धुआं

बागेश्वर : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि डबल इंजन का धुआं अब निकलने लगा है। नोटबंदी और जीएसटी के नियमों ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह आवाज अब भाजपा के अंदर से ही उठने लगी है।

पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जहां विश्व के अन्य देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम घट रहे है। हमारी असफल आर्थिक नीतियों से उसके दाम लगातार बढ़ रहे है। महंगाई कम करने का दावा करने वाली मोदी सरकार की सच्चाई जमीन में दिख रही है। लोग परेशान है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पौने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का दावा कहां है। बेरोजगार आज परेशान है। उन्होंने कहा कि नोट बंदी के बाद सरकार ने कहा था कि कालाधन वापस आएगा। लेकिन क्या हुआ। गरीबों का धन ही निकला। कालाधन तो आया ही नही। आज सरकार से जवाब देते नही बन रहा है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल की भाजपा सरकार ने देश हर स्तर पर कमजोर किया  है।

पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य की भाजपा की 6 माह की सरकार ने कांग्रेस की जन कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम किया है। कांग्रेस सरकार ने जो हर किसी वर्ग के लिए योजना बनाकर उसे लाभांवित करने का कार्य किया था।

भाजपा सरकार लोगों को उससे वंचित करने का षडयंत्र रच रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस सरकार के दौरान चलाई गई योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाने की अपील की है। रावत  ने पंचेश्वर को हिमालयी राज्य को लिए नुकसान वाला बताया। उन्होंने बताया कि वह हर प्रभावित जिले में जाकर प्रभावितों से बात कर रहे है।

News Source: jagran.com

Comments are closed.