निर्धारित समय के बाद भी हरियाणा में जमकर चले पटाखे, पुलिस के छूटे पसीने

चंडीगढ़। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में हाई कोर्ट द्वारा दीपावली के दिन पटाखे चलाने की समयसीमा तय करने के बावजूद लोगों ने निर्धारित समय के बाद भी जमकर पटाखे चलाए। तीनों राज्यों में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर कई गुना बढ़ गया। इसका असर शुक्रवार सुबह को भी देखने को मिला।

चंडीगढ़ में हाई कोर्ट द्वारा पटाखे चलाने की तय की गई समय सीमा का कुछ हद तक असर देखने को मिला, लेकिन पंजाब व हरियाणा के अधिकांश जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। लोगों ने जमकर पटाखे चलाए। बता दें, हाई कोर्ट ने दीपावली के दिन शाम को साढ़े छह से साढ़े नौ तक पटाखे चलाने की समयसीमा तय की थी। इसके बावजूद लोगों ने साढ़े नौ के बाद भी जमकर पटाखे फोड़े।

चंड़ीगढ़ में निर्धारित समय के बाद पटाखे फोड़ने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस वैन घूमतीं रही, जैसे ही वैन नजदीक आती लोग पटाखे चलाने बंद कर देते, लेकिन वैन के जाने के बाद फिर से पटाखे चलाने लगते। हाई कोर्ट के आदेश का पालन करवाने के लिए पुलिस के खूब पसीने छूटे, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोगों पर इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिला।

News Source: jagran.com

Comments are closed.