दो भारतीय बहनों ने लगाई प्रदर्शनी, बिक्री से होने वाली आय केरल बाढ़ पीड़ितों को देंगी दान

दुबई : दुबई में अलग-अलग देशों के 28 कलाकारों ने अपनी कला की प्रदर्शनी लगाई है। स्थानीय मीडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस प्रदर्शनी से होनेवाली आमदनी को भारत के केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों पर खर्च किया जाएगा। प्रदर्शनी का आयोजन दुबई में रह रहीं दिल्ली की दो बहनों ने किया है।

‘टुगेदर वी कैन’ शीर्षक से आयोजित होनेवाली इस प्रदर्शनी में 28 कलाकारों की पेंटिग्स होंगी। प्रदर्शनी से जो भी आमदनी होगी उसे केरल के मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किया जाएगा। यासीर अल गेरगावाई ने आर्ट एक्जिबिशन का उद्घाटन किया। शारजाह में यह प्रदर्शनी 4 अक्टूबर से लगाई जाएगी। यासीर की पहचान दुबई के आर्ट क्षेत्र में काफी सम्मानित है। वह मिनिस्ट्री ऑफ टॉलरेंस के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर भी हैं।

दुबई की गिनेवा रेस्तरां में प्रदर्शनी लगाई गई है। एक एनजीओ फुनन आर्ट्स की सहायता से यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है। शीबा खान और फराह खान नाम की दो बहनें इस एनजीओ का संचालन करती हैं। दिल्ली से ताल्लुक रखनेवाली दोनों बहनें पिछले 10 साल से दुबई में रह रही हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए इस प्रदर्शनी को आयोजित करने का उद्देश्य भावुक करनेवाला है। इस समय केरल बाढ़ की त्रासदी से गुजर रहा है। हम अपने स्तर पर तकलीफजदा लोगों की सहायता करने की कोशिश कर रहे हैं।

Comments are closed.