नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शुक्रवार को शीतलहर ने कहर बरपाया। इन राज्यों में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। कोहरे की वजह से हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली मेंं दृश्यता कम रही। हालांकि दोपहर बाद धूप निकली और लोगों ने राहत की सांस ली।
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर तापमान शून्य से नीचे
कश्मीर में काफी समय से शुष्क चल रहे मौसम के मिजाज छह जनवरी से फिर से बदलने वाले हैं। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी हवाएं फिर से सक्रिय हो रही हैं, जिससे वादी में ताजा बर्फबारी व बारिश की संभावना है। इस बीच, शुक्रवार को श्रीनगर समेत अन्य इलाकों में दिन में हल्की धूप छाई रही, जिससे ठंड का प्रकोप कुछ हद तक कम हो गया। हालांकि रात को तापमान के जमाव बिंदु से नीचे बने रहने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लेह शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।
हिमाचल में चार तक बारिश व बर्फबारी की संभावना नहीं
हिमाचल प्रदेश में चार जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। कई दिन से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूखी ठंड ने परेशानी फिर बढ़ा दी है। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान केलंग में -6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर उत्तराखंड में नववर्ष का जश्न मनाने और बर्फबारी के दीदार को मसूरी, नैनीताल, औली आदि पर्यटन स्थलों पर देशी-विदेशी सैलानियों का जमघट लगा है, लेकिन मौसम का मिजाज अब तक उन्हें निराश ही कर रहा है। अगले 24 घंटों में भी बारिश अथवा बर्फबारी के कहीं आसार नजर नहीं आ रहे।
पंजाब में कड़ाके की ठंड में मनेगा नववर्ष
पंजाब में हर तरफ नए साल के स्वागत व जश्न की तैयारियां चल रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो पंजाब में नए साल का जश्न कड़ाके की ठंड व कोहरे में मनेगा। नववर्ष पर घना कोहरा पडऩे का पूर्वानुमान जताया गया है। उधर, शुक्रवार को भी पंजाब में बठिंडा शिमला से भी ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्र्री सेल्सियस रहा। शीतलहर और घने कोहरे के कहर से पंजाब में हवाई यातायात प्रभावित रहा। शुक्रवार की रात कम विजीबिलिटी के चलते श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर पर पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट को रद कर दिया गया।
पटना ने ओढ़ी कोहरे की चादर
पछुआ हवा के साथ घने कोहरे ने पटना समेत बिहार के विभिन्न जिलों के लोगों को कंपकंपा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार पटना में इस समय सामान्य अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था, लेकिन 17.4 डिग्री होने के कारण गलन का अहसास रहा। उधर झारखंड की राजधानी रांची में ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई है। रांची और कांके के तापमान में हल्की बढ़त देखी गई।
दिल्ली में तापमान और प्रदूषण दोनों बढ़ा
दिल्ली में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की गति कम होने और नमी के कारण प्रदूषण के स्तर में इजाफा हुआ है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग के अनुसार दिल्ली में प्रदूषक तत्व पीएम 2.5 का स्तर 197 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। राजधानी में सुबह कोहरा छाए रहने के कारण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। राजधानी का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
Comments are closed.