मेरठ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने यहां रैली को संबोधित करते हुए पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खां को उल्टी खोपड़ी वाला बताया। आरोप लगाया कि सपा सरकार में आजम खां ने शहरों में विकास नहीं होने दिया। ऐसा मंत्री हमने पहले देशभर में किसी सरकार में नहीं देखा। सपा और बसपा ने पश्चिम में जनता के मान-सम्मान को रौंदा। बसपा ने दलितों के नाम पर उगाही की, नगरों को पैसा जुटाने का माध्यम बनाया।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने इन मनमानियों का जवाब दिया और अपने फैसलों से प्रदेश का नक्शा बदलकर रख दिया। शपथ लेते ही सरकार ने किसानों के कर्ज उतारने को 36 हजार करोड़ की व्यवस्था की। कहा कि मेरठ सैनिकों का बड़ा केंद्र है। यहां के सैनिकों की बदौलत ही मोदी सरकार ने सीमा पर दुश्मन सेना को कड़ा जवाब दिया।
आज केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। जनता के दोनों हाथ मजबूत हैं। नगरों का जीवन बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार ने 27 सूत्री संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें सफाई, सुंदर नगर, मलिन बस्तियों का विकास, स्वास्थ्य सेवा, कांजी हाउस आदि मुद्दे शामिल हैं। संकल्प पत्र को पूरा कर सर्वोत्तम प्रदेश बनाएंगे।
कांग्रेस, सपा व बसपा फुंका ट्रांसफार्मर : मंत्री
नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पीलीभीत में कांग्रेस, सपा, बसपा को फुंका ट्रांसफार्मर बताते हुए कहा कि पूर्व सरकारों ने प्रदेश में विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किया। गरीब जनता को कोई लाभ नहीं पहुंचने दिया। निकायों के साथ भी भेदभाव किया, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
वह पीलीभीत के बरखेड़ा व बीसलपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब से योगी सरकार आई है तब से गुंडा, माफिया पर लगाम लगाने का काम किया गया। प्रदेश सरकार व मोदी सरकार ने जो योजनाएं गरीब तक नहीं पहुंच पाती थी उन योजनाओं से सीधे जोडऩे का काम किया।
NEWS SOURCE :- www.jagran.com
Comments are closed.