फाजिल्का। यहां एक कालोनी में 17 वर्षीय लड़की को घर में अकेला पाकर पड़ोसी युवक अंदर घुस आया। उसने लड़की को दुष्कर्म का शिकार बनाया और उसका वीडियो बना लिया। इसी दौरान गली में खेल रहा लड़की का 12 वर्षीय भाई घर आ गया और सारा कुछ देख लिया। इस पर आरोपी युवक ने किसी को कुछ बताने पर उसके बहन की अश्लील क्लीपिंग वाट्सएप पर वायरल करने की धमकी देकर चुप करवा दिया।
उसके 14 दिन बाद परिजनों के दूसरे कमरे में मौजूद होने पर आरोपी ने लड़की से फिर से दुष्कर्म करना चाहा। इस पर लड़की ने शोर मचा दिया, इस पर परिजन आ गए। इसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। पूछताछ करने पर उसने परिजनों को इससे पहले अपने साथ हुए दुष्कर्म के बारे में बता दिया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस से की शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि 4 नवंबर को उसकी पत्नी अपने मायके गई थी और वह काम पर गया था। बेटा बाहर गली में खेल रहा था। उसकी नाबालिग बेटी को घर में अकेली देखकर पड़ोस में रहने वाला युवक बलविंदर सिंह अंदर घुस आया। वह लड़की को जबरन कमरे में ले गया और उसका मुंह हाथों से दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पिता ने बताया कि जब वह बलविंदर के परिवार के पास शिकायत करने पहुंचा तो उलटा उसके परिजनों ने उसके साथ ही झगड़ा शुरू कर दिया। सके साथ मारपीट का प्रयास भी किया, लेकिन उसकी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाकर वापस घर ले गए। इससे पहले कि अगले दिन वह थाने जाकर अपनी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म का पर्चा दर्ज करवाता, उससे पहले आरोपी बलविंदर के परिवार की एक महिला ने उससे पहले ही उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एक दरखास्त पुलिस में दे दी थी। पुलिस ने पूरी जांच के बाद आरोपी बलविंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी गिरफ्तार, लेकिन पुलिस नहीं मान रही
लड़की के पिता ने बताया कि मेडिकल होने के बाद पुलिस ने आरोपी बलविंदर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर, पुलिस द्वारा एफआईआर में उसकी गिरफ्तारी वीरवार देर शाम तक नहीं दिखाई गई थी। इस बारे में मामले की जांच कर रहे एएसआइ लेखराज से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले की तफ्तीश जारी है।
Comments are closed.