बर्दाश्त से बाहर हुई ठंड, यूपी में 28 और लोगों की मौत, बिहार-दिल्ली बेहाल

नई दिल्ली। समूचे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार देर रात से जारी घने कोहरे के बाद सोमवार सुबह  हल्की धूप खिलने से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि ये राहत ज्यादा देर की नहीं थी। शाम होते ही सर्द हवाएं चलने से फिर ठिठुरन और गलन बढ़ गई। सड़कों पर यातायात कोहरे में सुस्त पड़ गया, तो रेलगाडियां भी पटरियों पर धीमी रफ्तार से दौड़ीं। ठंड और कोहरे का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ता दिखा। वहीं, ठंड से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड लगने से आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मऊ, बलिया, कानपुर, हमीरपुर, महोबा और उरई में 28 लोगों की जान चली गई। उधर, कश्मीर में डल झील जम गई। जबकि बिहार में शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

जब तक बर्फबारी जारी रहेगी, ठंड नहीं होगी कम 

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहने से भी उत्तर प्रदेश में ठंड का असर कम नहीं हो रहा है। आने वाले दो-चार दिनों तक मौसम की यही स्थिति बरकरार रहेगी। सोमवार को शाहजहांपुर में तो रिकॉर्ड तोड़ सर्दी से सामना हुआ और शहर का न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर सर्द हवाओं से ठिठुरते उत्तराखंड में मौसम की चुनौतियां बरकरार हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 20 जनवरी से पहले तक हालात में ज्यादा परिवर्तन की गुंजाइश नहीं है। इसके बाद ही बारिश की संभावना है। कड़ाके की ठंड के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे है, जबकि मैदानी इलाकों में यह पांच से सात डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

हिमाचल में हाड़ कंपाने वाली ठंड

हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी है। प्रदेश में सोमवार को सबसे कम तापमान केलंग में -12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर में ठंड से राहत नहीं

शुष्क मौसम के बीच हाड़ कंपाने वाली ठंड से कश्मीर के लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को भी वादी में जमाव बिंदु से नीचे बने न्यूनतम तापमान के चलते डल झील समेत वादी के तमाम जलस्रोत आंशिक तौर पर जमे रहे। गुलमर्ग न्यूनतम तापमान -10.5 डिग्री सेल्सियस के साथ वादी का तथा कारगिल न्यूनतम तापमान -18.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।

बिहार में ठंड से सात लोगों की गई जान

बिहार में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पूर्णिया में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले 50 वर्षों में सबसे कम है। जबकि पटना का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.6 डिग्री पर आ गया। ठंड से सोमवार को पूर्वी चंपारण जिले में तीन महिलाओं समेत चार तथा जमुई, बांका व किशनगंज में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। हरियाणा में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। रविवार की रात हिसार का न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री, जबकि करनाल का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

झारखंड में जानलेवा हुई ठंड, छह मरे

झारखंड में ठंड अब जानलेवा हो गई है। इसने राज्य में सोमवार को छह लोगों की जान ले ली। मृतकों में रांची की दो व गिरिडीह की एक महिला शामिल हैं। वहीं देवघर, चतरा व धनबाद में एक-एक की मौत हुई है

बर्फीली हवा कर रही दिल्ली को ठंडा

बर्फीली हवा की वजह से दिल्ली में ठंड का कहर जारी है। न्यूनतम तापमान सोमवार को पांच डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर धूप तो खिली रही, लेकिन बर्फीली हवाओं की वजह से ठंड भी बनी रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान सोमवार को 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

News Source :- www.jagran.com

Comments are closed.