केरल: कन्नूर से आइएस में भर्ती हुआ आतंकी सीरिया में मारा गया

कन्नूर (केरल)। कन्नूर जिले से इस्लामिक स्टेट (आइएस) में भर्ती हुआ एक आतंकी सीरिया में मारा गया। इस आशय की जानकारी शुक्रवार को पुलिस ने दी है।

कन्नूर जिले के वालापट्टिणम का निवासी 30 वर्षीय अब्दुल मनाफ पिछले वर्ष नवंबर में मारा गया। इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस उपाधीक्षक पीपी सदानंदन ने कहा कि मनाफ के एक मित्र ने टेलीग्राम मैसेंजर एप के माध्यम से रिश्तेदारों को 17 जनवरी को जानकारी दी। उसका मित्र कय्यूम भी सीरिया में आइएस का लड़ाका है।

मनाफ केरल के संगठन पोपुलर फ्रंट इंडिया का स्थानीय नेता था और दिल्ली में कार्यालय सचिव के रूप में काम कर चुका था। इसके बाद वह आइएस में शामिल हुआ। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि 2009 में माकपा के कार्यकर्ता की हत्या में भी मनाफ संलिप्त था।

कन्नूर जिले से करीब 15 लोग आइएस में शामिल हो चुके हैं जिनमें मनाफ सहित छह मारे जा चुके हैं। पांच लोगों को गिरफ्तार कर एनआइए को सौंपा गया है। शेष चार अभी भी सीरिया में आइएस के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

 

Comments are closed.