दिल्ली फिर शर्मसारः कनॉट प्लेस इलाके में चलती कार में 17 साल की लड़की से दुष्कर्म

नई दिल्ली। निर्भया कांड की वजह से बदनाम दिल्ली पांच साल बाद जरा भी नहीं बदली है। आज भी महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी नहीं आई है। ताजा मामले में कनॉट प्लेस इलाके में चलती कार में एक किशोरी से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसीपी रमेश कक्कड़ के मुताबिक, पीड़िता (17) अशोक विहार की है। उसके पिता के अनुसार वह पांच दिन पहले घर से भागकर गुरुद्वारा बंगला साहिब चली गई और वहीं रह रही थी। पहले भी दो बार घर से भागकर वह वहां जा चुकी थी। गुरुद्वारे में उसकी जान-पहचान सदर बाजार के एक युवक से हुई।

बृहस्पतिवार को युवक उसे घर ले गया और वहां दुष्कर्म किया। शनिवार को आरोपी युवक अपने एक दोस्त के साथ उसकी एसयूवी से गुरुद्वारा पहुंचा और किशोरी को साथ लिया। फिर चलती कार में ही युवक ने किशोरी से दुष्कर्म किया।

उसके दोस्त ने भी संबंध बनाना चाहा तो किशोरी विरोध करने लगी। दोनों उसे कनॉट प्लेस में उतारकर भाग गए। रविवार को पिता के साथ थाने पहुंचकर किशोरी ने अज्ञात युवक परकेस दर्ज करवा दिया। आरोपी की पहचान के लिए गुरुद्वारे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यहां पर बता दें कि राजधानी दिल्ली में हर दिन करीब 6 महिलाओं से दुष्कर्म होता है, तो वहीं हर रोज महिलाओं से यौन उत्पीड़न के करीब 10 मामले सामने आते हैं।

News Source :- www.jagran.com

Comments are closed.